सिटी रिपोर्टर | बोकारो भारतीय इस्पात कर्मचारी संघ के महामंत्री प्रेम कुमार ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि बीएसएल के अधीन कार्यरत आईजीपीएल कंपनी अपने श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने में गंभीर नहीं है। इसलिए मजदूरों की आवाज सुनाने के लिए 21 जनवरी से बीएसएल को रिफाइंड एसिड एवं फिनिश्ड एसिड का सप्लाई बाधित किया जाएगा। इसकी सूचना बीएसएल और आईजीपीएल प्रबंधन को दे दी गई है। इस संबंध में उन्होंने बताया कि बीएसएल ने रिफाइंड व फिनिश्ड एसिड सप्लाई करने का ठेका दिल्ली की कंपनी इंडरोक्स ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड (आईजीपीएल) को दिया है, जो सीआरएम-1 एवं 2 के सामने एसिड रिफाइंड प्लांट में अपने श्रमिकों से उत्पादन करवाकर बीएसएल को सप्लाई करती है। लेकिन एसिड रिफाइंड प्लांट-1 एवं 2 की स्थिति सुरक्षा के हिसाब से दयनीय है। ऊंचाई पर चलने के लिए बनाया गया प्लेटफॉर्म जर्जर अवस्था में है, जिसके कारण मजदूर कभी भी ऊंचाई से नीचे गिर सकते हैं। मजदूर काम करने से डरते हैं, उनके अंदर भय व्याप्त है। इस संबंध में आईजीपीएल के अधिकारियों से बात किया और विभिन्न माध्यमों से उसके निदेशक, एचआर हेड, बोकारो यूनिट हेड उप महाप्रबंधक को लगातार पत्र लिखते आ रहे है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में आंदोलन करने के लिए बाध्य हैं।


