भवन निर्माण विभाग की टेंडर प्रक्रिया सिस्टम में दोष का अनूठा उदाहरण पेश कर रहा है। यहां टेंडर फाइनल होने से पहले ठेकेदार तय हो जा रहे हैं और काम भी शुरु हो जा रहा है। कई दिनों तक काम होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामला राजधानी स्थित सदर अस्पताल का है। सदर अस्पताल में ब्लड बैंक के सामने आमलोगों के लिए वेटिंग एरिया व पार्किंग का निर्माण होना है। भवन निर्माण विभाग, रांची प्रमंडल-1 ने इसके लिए 45 लाख 56 हजार 900 रुपए का टेंडर निकाला। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार विपत्र खरीदने की तिथि 30 दिसंबर और निविदा खोलने की तिथि 31 दिसंबर को दोपहर 3.30 बजे तय है। पर निविदा खुलने से पहले ही इस प्रोजेक्ट का टेंडर तय हो गया है। प्रोजेक्ट का सिर्फ टेंडर ही तय नहीं हुआ, एक सप्ताह से इसका निर्माण कार्य भी चल रहा है। खुद को ठेकेदार बताने वाले श्रवण कुमार नामक व्यक्ति की मानें तो विभाग ने ही उसे काम करने को कहा है। इसके बाद ही उसने काम शुरु किया है। बिना टेंडर प्रक्रिया पूरा किए बिना काम कैसे चल रहा है, इसका जवाब जानने के लिए कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार से लेकर विभागीय सचिव तक से संपर्क किया गया। लेकिन किसी ने न तो फोन उठाया और न ही मैसेज का ही जवाब देना उचित समझा। विभागीय अधिकारियों ने मामले में चुप्पी साध ली। सीधी बात खुद को ठेकेदार बताने वाले श्रवण से बातचीत रिपोर्टर : आप श्रवण बोल रहे हैं, आप ही सदर अस्पताल में शेड व पार्किंग एरिया बनवा रहे हैं? श्रवण : हां, मैं ही काम करवा रहा हूं। रिपोर्टर : टेंडर तो अभी फाइनल हुआ नहीं, आप कैसे काम करवा रहे हैं? श्रवण : टेंडर आज ही फाइनल हो गया। मुझे काम मिला है। रिपोर्टर : लेकिन काम तो एक सप्ताह से चल रहा है। जब टेंडर फाइनल हुआ ही नहीं था, तो कैसे आप काम करवा रहे थे? श्रवण : सुनिए ना, आप कौन बोल रहे हैं? रिपोर्टर : मैं प्रेस से हूं। भवन निर्माण विभाग में टेंडर की यही प्रक्रिया होती है क्या? श्रवण : भैया, कल आपसे मिलता हूं। सारी बात बताऊंगा। अभी थोड़ा व्यस्त हूं। बिना टेंडर के काम कैसे चल रहा, मुझे जानकारी नहीं…. ब्लड बैंक के सामने शेड व पार्किंग एरिया बन रहा है। बिना टेंडर प्रक्रिया पूरा हुए कैसे काम चल रहा है, मुझे नहीं मालूम है। सदर अस्पताल में विकास कार्य के देखरेख की जिम्मेदारी डिप्टी सुप्रटिंडेंट की है।- डॉ प्रभात कुमार, सिविल सर्जन, रांची टेंडर से पहले निर्माण कैसे हो रहा, नहीं मालूम, जांच कराएंगे सदर अस्पताल में वेटिंग रूम और कार शेड निर्माण के लिए टेंडर निकाला गया है। यह जल्द ही खुलेगा। लेकिन टेंडर फाइनल होने से पहले ही किसी ने काम शुरू कर दिया है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। किसी को चैरिटी करने की इच्छा है, तो हमलोग कुछ नहीं कर सकते हैं। बुधवार को फिर इस मामले की जांच कराएंगे कि आखिर बिना टेंडर हुए काम कैसे शुरू हुआ। जो भी भी व्यक्ति काम कर रहा है, उस पर रोक लगाई जाएगी। – मनीष कुमार, कार्यपालक अभियंत भवन प्रमंडल-1


