पंजाब में लुधियाना के दोराहा में नेशनल हाईवे पर घनी धुंध के कारण मंगलवार सुबह कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें कपूरथला के 4 लोग सवार थे। वह दिल्ली से अपने रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे, जो दुबई गया था। दोराहा में नहर वाला पुल पार करते ही अचानक धुंध छा गई, जिससे कार चलाने वाले को रोड नहीं दिखी और कार का एक्सीडेंट हो गया। सड़क सुरक्षा फोर्स के सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि घायलों की पहचान जसविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, केवल सिंह और बहादुर सिंह के रूप में हुई है। हादसा हुआ देख हाईवे से निकल रहे लोग वहां रुके और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के आने से पहले लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। बाद में पुलिस भी मौके पर आई और उन्होंने चारों घायलों को बाहर निकाला और उन्हें साहनेवाल सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। वहीं मंगलवार को धुंध की वजह से चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइटें प्रभावित हुईं। सुबह 5:40 पर दिल्ली और 5:55 पर पुणे से आने वाली फ्लाइट डिले हुईं। सुबह 5:20 पर चंडीगढ़ से मुंबई, 6:25 हैदराबाद, 7:30 पर बेंगलुरु और 7:45 पर अब्बू धाबी से आने वाली फ्लाइट प्रभावित हुई। वहीं, अमृतसर हवाई अड्डे पर दो फ्लाइट देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। उधर, न्यू ईयर की शुरुआत में चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में ठंड बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज से अगले 96 घंटे तक हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। इस कारण वहां से चलने वाली कोल्ड वेव का असर पूरे उत्तर भारत में देखने काे मिलेगा। हिमाचल में रात के तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस जबकि पंजाब और चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इसके अलावा टूरिस्ट के लिए खुशखबरी है। कुल्लू जिला प्रशासन ने रोहतांग पास जाने को लगाई 4×4 वाहनों की शर्त हटा दी है। इसके बाद कोई भी टूरिस्ट अपने पर्सनल व्हीकल में आगामी दो जनवरी तक रोहतांग जा सकेंगे। डीसी कुल्लू तोरूल एस रवीश ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। यह अनुमति मौसम अनुकूल रहने की शर्त पर दी गई है। मौसम से जुड़ी अहम बातें… मौसम के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाइए…


