भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना राजासांसी पुलिस ने विदेशी नंबर से कॉल कर 10 लाख रुपए की फिरौती मांगने के आरोप में गैंगस्टर डोनी बल के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सलेमपुर निवासी बलजीत सिंह ने बताया कि एक अज्ञात विदेशी नंबर से लगातार धमकी भरे कॉल आए। कॉल करने वाले ने खुद को डोनी बल बताते हुए 10 लाख रुपए की मांग की और रकम न देने पर कनाडा में रह रहे बेटे की हत्या करने की धमकी दी। पीड़ित बलजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 29 दिसंबर की सुबह साढ़े 8 से 9 बजे तक 3 कॉल आए। जब कॉल रिसीव नहीं की तो वॉइस नोट आया। वॉइस नोट में कॉलर ने साफ तौर पर धमकी देते हुए कहा कि अगर 10 लाख रुपए नहीं दिए गए तो वह उनके बेटे को, जो इस समय कनाडा में है, जान से मार देगा। पुलिस ने बताया कि विदेशी नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है और कॉल की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं। जांच चल रही है।


