पाक हैंडलर्स से जुड़े गिरोह के 7 काबू, 4.75 किलो हेरोइन, 1 किलो आइस ड्रग और ग्लॉक पिस्तौल बरामद

भास्कर न्यूज | अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 मामलों में पाक आधारित हैंडलरों से जुड़े ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 7 युवकों को काबू कर 4.75 किलो हेरोइन, 1 किलो आइस ड्रग और ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जिए बार्डर राजाताल और भिंडीसैदा और गुरदासपुर के सीमावर्ती इलाकों दोरांगला व कलानौर में सक्रिय स्थानीय मॉड्यूल के माध्यम से नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही थी। आरोपियों को प्रति एक किलो हेरोइन और आइस ड्रग सप्लाई करने के 1-1 लाख रुपए और ग्लॉक पिस्तौल के 60 हजार रुपए मिलने थे। सीपी भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सबसे पहले सीआईए स्टाफ के इंचार्ज अमोलकदीप सिंह ने जसरौड़ गांव के रहने वाले जजबीर सिंह उर्फ जज को काबू किया, जिसके पास से 225 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर साथी जसपाल सिंह उर्फ जस्स निवासी अजनाला को काबू किया गया, जिसके पास से 1.6 किलो हेरोइन मिली। इसके बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए अनमोलप्रीत सिंह, हरपिंदर सिंह उर्फ भिंडा और तरुणप्रीत सिंह निवासी गांव संदलपुर गुरदासपुर को गिरफ्तार किया गया। इन तीनों के पास से कुल 2.2 किलो हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा दूसरे मामले में पुलिस ने गश्त के दौरान बाइक सवार दविंदर सिंह उर्फ बाउ और मनदीप सिंह निवासी नंगली को काबू किया। तालाशी लेने पर उन दोनों के पास से एक ग्लॉक पिस्तौल और 1 किलो आइस ड्रग बरामद हुई। सीपी ने बताया कि जजबीर पहले से हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है। जबकि जसपाल आर्म्स एक्ट के केस में नामजद है। दविंदर उर्फ बाउ पर पहले से एनडीपीएस के दो केस दर्ज हैं। सीपी ने बताया कि जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि तस्करी से जुड़ा हवाला लेन-देन दुबई के जरिए किया जा रहा था। गिरफ्तार दविंदर करीब डेढ़ साल पहले दुबई से लौटा था, जहां उसके पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क बने। वहीं से पूरे नेटवर्क को दिशा-निर्देश मिलते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *