न्यू ईयर सेलिब्रेशन- शहर में 2 हजार जवान तैनात:40 पाइंट पर कड़ी चेकिंग, 35 सड़क-चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर से पकड़ेंगे नशेड़ी

ग्वालियर शहर 2025 को विदाई देने और नए साल 2026 के वेलकम के लिए तैयार है। हर जगह जश्न और पार्टी मनाने की तैयारी चल रही है। ऐसे में वीवीआईपी ड्यूटी के बाद अब पुलिस को नई जिम्मेदारी मिल गई है। यह जिम्मेदारी है नए वर्ष के जश्न में शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने की। पुलिस ने नए साल के स्वागत की तैयारियों में जुटे लोगों को साफ और सीधे शब्दों में समझा दिया है कि नए साल का स्वागत करो। साल 2025 को विदा करो पर कायदे में करोगे तो फायदे में रहोगे। यदि थोड़ा भी गड़बड़ करने की कोशिश की तो खामियाजा बड़ा भुगतना होगा। शहर में 31 दिसंबर व 1 जनवरी को दो हजार से ज्यादा जवान व पुलिस अफसर ग्वालियर में तैनात रहेंगे। पुलिस 40 पॉइंट पर कड़ी चेकिंग करेगी। जिसमें 35 पॉइंट मतलब सड़क, तिराहा-चौराहा ऐसे होंगे जहां पुलिस के जवान ब्रीथ एनालाइजर के साथ खड़े रहेंगे और नशेड़ी वाहन चालकों की धरपकड़ करेंगे। यदि शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े जाने पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भरना पड़ेगा। डीजे की आवाज ऐसी हो कि अनुशासन न टूटे
नए साल की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है पुलिस भी अपना शिंकजा कसते जा रही है। एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने होटल व बार संचालकों की बैठक लेकर साफ शब्दों में समझा दिया है कि जो भी कार्यक्रम रखो पर वो नियमों के दायरे में होना चाहिए। अगर नियमों से खिलवाड़ किया तो बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अफसरों ने होटल, रेस्टोरेंट व रिसोर्ट संचालकों को भी स्पष्ट कर दिया है नए साल का जश्न मनाओ, लेकिन ऐसे के किसी को कोई परेशानी न हो। DJ साउंड की आवाज भी ऐसी हो जिससे अनुशासन न टूटे। दो हजार जवान रहेंगे तैनात
न्यू ईयर सेलिब्रेशन से एक दिन पहले 30 दिसंबर शाम से पुलिस ने सड़कों पर चेकिंग शुरू कर दी है। पर पुलिस के सामने असली चुनौती 31 दिसंबर और 1 जनवरी को रहेगी। दो दिन ग्वालियर में 2 हजार से ज्यादा जवान व अफसर तैनात रहेंगे। 40 पॉइट ऐसे बनाए गए हैं जहां पुलिस की टीम लगातार चेकिंग करेगी। यह वह पॉइंट होंगे जो शहर के हर रास्ते को एक दूसरे से जोड़ते हैं। इसके अलावा ओवर स्पीड, ड्रिंक एंड ड्राइविंग वाली स्थिति पर खास नजर होगी। 35 पॉइंट पर ब्रीथ एनालाइजर से चेकिंग करेगी पुलिस
ड्रिंक एंड ड्राइव पर नकेल कसने के लिए पुलिस शहर में 35 स्थानों पर ब्रीथ एनालाइजर के साथ खड़ी होगी। यह हर वाहन चालक के मुंह में ब्रीथ एनालाइजर लगाकर चेक करेगी कि वह शराब पीकर तो वाहन नहीं चला रहे हैं। ऐसे में यदि कोई नशा करने के बाद वाहन चलाते हुए नजर आया तो उसका सीधे 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। हुड़दंग किया तो हवालात में गुजरेगी नई साल
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यदि किसी ने भी नए साल के जश्न मे हुड़दंग किया तो उसकी नई साल घर पर नहीं बल्कि हवालात में गुजरेगी। सुबह नशा उतरने के बाद ही घर जा पाएगा। पुलिस अफसरों ने DIAL 112 को भी अलर्ट रहने के लिए कहा है। जिससे यदि कोई घटना होती है तो तत्काल पुलिस मदद दी जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *