5.20 लाख से पक्की सड़क बनेगी पड़कीभाट-पाररास बाइपास से जुड़ेगी

भास्कर न्यूज | बालोद पड़कीभाट-पाररास बाइपास को बघमरा से जोड़ने 460 मीटर कच्ची सड़क को सीमेंटीकरण करने की प्लानिंग बनी है। जिसके तहत पहले चरण में उप स्वास्थ्य केंद्र से लेकर रेलवे गार्डर के पहले खेत तक 220 मीटर और बाईपास मार्ग के बगल हनुमान मंदिर के पास 20 मीटर, कुल 240 मीटर सड़क का सीमेंटीकरण हो चुका है। दूसरे चरण में 100 मीटर सड़क को संवारने ग्राम पंचायत बघमरा ने जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया है। सचिव नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि 100 मीटर कच्ची सड़क को पक्की करने(सीसी रोड बनाने) खनिज न्यास निधि से 5.20 लाख स्वीकृत कराने पंचायत से जिला पंचायत, जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है, जल्द मंजूरी के बाद काम की शुरुआत होगी। फिलहाल 220 मीटर सड़क का अब तक सीसी नहीं हो पाया है। 220 में से 100 मीटर सड़क को संवारने किसी प्रकार का रोड़ा नहीं होने का दावा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि कर रहे हैं लेकिन रेलवे के अधीन लगभग 120 मीटर जमीन है। जब तक रेलवे की ओर से एनओसी नहीं मिलेगी, तब तक पंचायत काम नहीं करवा पाएगी। 240 मीटर लंबी और 4 मीटर चौड़ी सीसी रोड बनी जनपद पंचायत के पूर्व सदस्य सीता यशवंत साहू, पूर्व सरपंच गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि जिला खनिज न्यास निधि से 10 लाख रुपए की स्वीकृति मिली थी। स्वीकृत राशि से 240 मीटर लंबा और 4 मीटर चौड़ी सीसी रोड तैयार हो चुकी है। ग्राम पंचायत की ओर से कुल 460 में से 240 मीटर सड़क का सीमेंटीकरण के बाद बाकी 220 मीटर कच्ची सड़क में मुरूम बिछाया गया है। कच्ची सड़क होने से लोगों को गर्मी में धूल व बारिश में कीचड़, गड्‌ढों का सामना करना पड़ता है। पक्की सड़क बनने से राहत मिलेगी। रेलवे फाटक बंद होने से शॉर्टकट मार्ग का उपयोग यशवंत साहू, कामता साहू, अशोक निषाद ने बताया कि इस शॉर्टकट मार्ग से बघमरा के अलावा मेड़की, खरथुली, पर्रेगुड़ा, ओरमा, भोथली, खरथुली सहित आसपास गांव के लोग आना-जाना करते हैं। बाइपास की वजह से कच्ची सड़क पर आवाजाही बढ़ गई है। इसके अलावा बघमरा रेलवे क्रासिंग में गेट बंद होने की वजह से लोग इस शॉर्टकट मार्ग से आना-जाना करते हैं। सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, विभागीय अफसरों को जल्द आवेदन सौंपकर रेलवे से एनओसी दिलाने, शासन, प्रशासन से राशि मंजूर कराने की मांग करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *