CSP खान का जय श्री राम, बेटे पर 10लाख इनाम:पिता के सम्मान में बेटी का मर्डर, शादी से पहले मारी गोली; पढ़िए…2025 की बड़ी खबरें

हम साल के आखिर पायदान पर खड़े है। जाते-जाते देखिए…इस साल की कुछ खास खबरें, जो अपने शहर ग्वालियर में चर्चा में रही। साल की शुरुआत ही ऑनर किलिंग से हुई। शादी से ठीक पहले पिता ने बेटी की हत्या कर दी। फिर एक 6 साल के बच्चे का अपहरण, जिसे पुलिस ने 14 घंटे बाद सुरक्षित बचाया। इसी बीच, एक पिता ने अपने खोए बेटे की तलाश में 10 लाख का इनाम रख दिया। कहीं, लव मैरिज ने परिवार तोड़ा, एक पिता ने गम में खुद को गोली मार ली। तेज रफ्तार वाहनों ने सड़क किनारे चल रहे लोगों की जानें ले लीं। और इन सबके बीच में, कभी सीएसपी हिना खान ने खुद ‘जय श्रीराम’ का जयकारा लगाकर माहौल को चौंका दिया। पढ़िए…साल 2025 की खास 12 खबरें 1. ग्वालियर में शादी से 4 दिन पहले बेटी की हत्या इस साल की शुरुआत में ही ग्वालियर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया। एक शख्स ने अपनी 20 साल की बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पिता 10 मिनट तक पिस्टल और कट्‌टा लहराता रहा। पुलिस ने किसी तरह उस पर काबू पाया। घटना इस साल के जनवरी महीने में हुई थी। घटना के चार दिन बाद 18 जनवरी को छात्रा की शादी होने वाली थी। युवती ने एक वीडियो जारी कर भी कहा भी था कि मैं किसी दूसरे लड़के से प्यार करती हूं। पहले मेरे घरवालों ने शादी के लिए हां कर दी थी, लेकिन फिर मना कर दिया। पूरी खबर पढ़ें… 2. ग्वालियर से किडनैप बच्चा 14 घंटे बाद मिला साल के दूसरे महीने में ग्वालियर में 6 साल के शिवाय का अपहरण हो गया था। इसका वीडियो भी सामने आया, जिसमें दिखा कि बच्चे को उसकी मां स्कूल बस तक छोड़ने जा रही थी। उसी समय बाइक पर आए दो बदमाशों में से एक ने मां की आंखों में मिर्ची डाल दी और दूसरे ने बच्चे को उठाकर बाइक पर ले लिया। मां सड़क पर गिर गई और शोर मचाया। पुलिस ने 14 घंटे की घेराबंदी के बाद बच्चे को सुरक्षित बचाया। अपहरण की सूचना मिलने के 10 मिनट में ही पुलिस कार्रवाई में आई और जिले की सीमाओं की नाकाबंदी की। बदमाश हाईवे से मुरैना भाग गए, लेकिन सुबह 8:10 बजे से रात 10:10 बजे तक 14 घंटे की कार्रवाई के बाद मुरैना-अम्बाह के बीच कांजी बसई में ईंट भट्‌टे के पास बच्चे को छोड़कर भाग गए। बच्चे शिवाय ने माता-पिता से वीडियो कॉल पर कहा- “मैं ठीक हूं मम्मी। बाइक वाले मुझे फेंककर भाग गए थे। मुझे आपकी याद आ रही है। मुझे लेने आ जाओ।” पूरी खबर पढ़ें… 3. बेटे को ढूंढने वाले को इनाम 10 लाख ग्वालियर में 6 साल के शिवाय गुप्ता का पुलिस ने पता लगा लिया था। ऐसे में इस घटना ने एक पिता को अपने लापता बेटे की तलाश की उम्मीद फिर से जगाई। शहर के जयंत सोलंकी के 3 साल के बेटे सूर्यांश को 10 साल पहले कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया था। उन्होंने अपने बेटे की तलाश में 10 से ज्यादा राज्यों के 500 मंदिर और साधु-संतों के आश्रम खंगाले, प्रयागराज महाकुंभ में हर अखाड़े में पूछा और फोटो दिखाकर तलाश की। इसके बावजूद सूर्यांश का अभी तक पता नहीं चला। जयंत ने बताया कि उन्होंने इस कोशिश में 30 लाख रुपए खर्च किए और जो भी उनके बेटे का पता बताएगा, उसे 10 लाख रुपए इनाम देंगे। उन्होंने कहा, इस 10 साल में मेरा एक भाई भी खो गया, कई ठगों ने मुझे ठगा, बावजूद इसके एक बार भी यह आस नहीं छोड़ी कि मेरा सूर्यांश मुझे नहीं मिलेगा। यह उम्मीद मरते दम तक बनी रहेगी। पूरी खबर पढ़ें… 4. बेटी के लव मैरिज के बाद पिता ने किया सुसाइड अप्रैल 2025 में ग्वालियर की एक घटना ने कई सवाल छोड़ दिए। एक पिता ने अपनी बेटी की लव मैरिज के बाद सुसाइड कर लिया। जान देने से पहले उसने एक सुसाइड नोट में अपनी पीड़ा लिखी। उसमें सवाल थे- कानून से, सिस्टम से और इस समाज से। मैं एक बार फिर कहता हूं कि आर्य समाज की शादी मान्य नहीं होती तो कोर्ट फिर कैसे बालिका को उसके (प्रेमी) साथ भेज सकता है। इससे हमारा पूरा परिवार नष्ट हो गया है। किसी ने मेरा दर्द नहीं समझा। यह लाइनें उसी सुसाइड नोट की हैं, जिसे एक बेटी के पिता ने खुद को गोली मारने से पहले लिखी थीं। पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ बेटी ने भागकर शादी की थी। इससे ग्वालियर का दवा कारोबारी इस कदर आहत हुआ कि उसे अपनी जिंदगी खत्म करने के अलावा कोई रास्ता नहीं सूझा। उसने अपना दर्द सुसाइड नोट में उड़ेलकर रख दिया। पूरी खबर पढ़ें… 5. डिटॉल साबुन में निकली ब्लेड, बच्चे का गाल कटा ग्वालियर में मई महीने में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। दरअसल, नहाने के साबुन में ब्लेड निकली। दरअसल, दोस्तों के साथ खेलकर 10 साल का बच्चा घर पहुंचा, जब उसने डिटॉल साबुन चेहरे पर घिसा तो उसे कुछ तेज चुभा। उसने देखा कि गाल में कट लग गया है और खून बह रहा है। उसने परिजन को आवाज देकर बुलाया। पिता जब बाथरूम में पहुंचे तो साबुन में ब्लेड दिखी। बच्चे के पिता ने इस मामले में उपभोक्ता फोरम में शिकायत भी दर्ज कराई थी। घटना आनंद नगर बहोड़ापुर में हुई। यहां रहने वाले अंगद सिंह तोमर के घर का किराना सामान पास ही के मोहित किराना स्टोर से आता है। 21 मई को राशन के साथ ही उन्होंने 10-10 रुपए वाले 10 साबुन खरीदे थे। पूरी खबर पढ़ें… 6. पूर्व सीएम बोले-दिग्विजय जाए भाड़ में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह जून में ग्वालियर दौरे पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान अचानक उन्होंने कह दिया- ‘कांग्रेस से जोड़ो, दिग्विजय सिंह जाए भाड़ में’… दरअसल, कांग्रेस का एक सीनियर कार्यकर्ता अपने बेटे को दिग्विजय सिंह से मिलाने लाया था। उसी समय दिग्विजय सिंह ने उनसे कहा कि युवाओं को कांग्रेस से जोड़ो। दिग्विजय सिंह से कुछ कार्यकर्ताओं ने अलग से बात भी की। उनकी बात सुनने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा- और कोई है कान फूंकने वाला? हालांकि वहां खड़े कई लोग इस टिप्पणी को नहीं समझ पाए। पूरी खबर पढ़ें… 7. ग्वालियर में कार ने कांवड़ियों को कुचला श्रावण की शुरुआत में ग्वालियर में कांवड़ यात्रा के दौरान हादसा हो गया। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे के शिवपुरी लिंक रोड पर शीतला माता मंदिर गेट के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों को कुचल दिया। हादसे में चार कांवड़ियों की मौत हो गई, जिनमें तीन एक ही परिवार के थे। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। देर रात करीब एक बजे हुए इस हादसे के बाद कार और कांवड़िए सड़क किनारे खाई में जा गिरे। पुलिस ने घायलों को जेएएच ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और टायर फटने से संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। पूरी खबर पढ़ें… 8. ट्रेन से लापता अर्चना 12 दिन बाद मिली कटनी की रहने वाली अर्चना तिवारी इंदौर में सिविल जज की तैयारी कर रही थी। 7 अगस्त को नर्मदा एक्सप्रेस के एसी कोच से अचानक लापता हो गई। जब ट्रेन कटनी पहुंची, तो उसकी सीट पर सिर्फ बैग मिला, अर्चना नहीं थी। इसके बाद से परिवार की चिंता और पुलिस की तलाश दोनों बढ़ती चली गईं। इंदौर से कटनी तक के रास्ते, मिड घाट के जंगल, रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में 12 दिन तक सर्च ऑपरेशन चला। इंदौर, भोपाल, कटनी जीआरपी, जिला पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार तलाश में जुटी रहीं। 12वें दिन एक कॉल ने सब कुछ बदल दिया। अर्चना ने अपनी मां से बात की और खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और उसे यूपी के लखीमपुर खीरी, नेपाल बॉर्डर के पास से बरामद कर लिया। इस मामले में यह भी सामने आया कि अर्चना पिछले दो साल से एक पुलिस आरक्षक के संपर्क में थी और उसी की आईडी से उसका ट्रेन टिकट बुक किया गया था। पूरी खबर पढ़ें… 9. पति ने सरेराह पत्नी के सिर में गोली मारी ग्वालियर में एक युवक ने अपनी पत्नी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। उसने कट्‌टे से उसके सिर में चार फायर किए। हत्या के बाद वह पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा। इसका वीडियो भी सामने आया है। घटना सितंबर महीने में रूप सिंह स्टेडियम के सामने की है। हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मंच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी 315 बोर का कट्‌टा तान दिया। पुलिस ने उसे काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ा। पुलिस ने उसकी पिटाई भी की। फिर उसे उठाकर थाने ले गई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरोपी युवक का नाम अरविंद परिहार है। वहीं महिला का नाम नंदिनी परिहार है। दोनों ने लव मैरिज की थी। पूरी खबर पढ़ें… 10. सीएसपी हिना खान ने लगाया ‘जय श्रीराम’ का जयकारा अक्टूबर महीने में एमपी हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने का विवाद गर्म रहा। कलेक्टर ने किसी भी तरह के कार्यक्रम, आयोजन और भीड़ एकत्र करने पर रोक लगा रखी थी। विवाद के एक पक्ष एडवोकेट अनिल मिश्रा के घर पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लगाई। अनिल मिश्रा के समर्थक उन्हीं के घर के पास ही सिद्धेश्वर मंदिर पर सुंदरकांड पाठ करना चाहते थे। वहां भी पुलिस तैनात थी। मंदिर बंद देखकर एडवोकेट मिश्रा समर्थक भड़क गए। सड़क पर ही सुंदर कांड के लिए टेंट बुला लिया। टेंट वाले को सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान ने वहां से भगा दिया। इसके बाद हिना पर सनातनी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। खुद को सनातनी विरोधी कहते देख हिना खान ने भी जोर-जोर से जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इस दौरान उन्होंने कहा यह मैं भी कर सकती हूं।पूरी खबर पढ़ें… 11. ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी फॉर्च्यूनर, 5 की मौत ग्वालियर में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार ट्रॉली के नीचे घुस गई, जिसकी वजह से कोई भी यात्री बच नहीं पाया। हादसा ग्वालियर-झांसी हाइवे पर शहर से करीब 20 किलोमीटर पहले सुबह साढे़ 5 से 6 बजे के बीच हुआ। सभी मृतक ग्वालियर निवासी बताए गए। वे MP07 CG 9006 नंबर की फॉर्च्यूनर ​​​​​में उत्तर प्रदेश के झांसी से एक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्वालियर लौट रहे थे। कार जैसे ही मालवा कॉलेज के सामने पहुंची, मोड़ पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण ड्राइवर, कार को नियंत्रित नहीं कर सका और कार पीछे से ट्रॉली में घुस गई। पूरी खबर पढ़ें… 12. सब इंस्पेक्टर प्रेमिका को आरक्षक के साथ पकड़ा ग्वालियर में फांसी लगाकर सुसाइड करने वाले हाईकोर्ट के वकील मृत्युंजय सिंह चौहान ने फांसी जैसा आत्मघाती कदम उठाने से पहले कई बार सोचा होगा। मृतक के कमरे से पुलिस ने शहीद भगत सिंह की एक किताब भी बरामद की है। माना जा रहा है कि ‘भगत सिंह की जेल डायरी’ को आखिरी समय में वकील पढ़ रहा था। इसमें वह उसी पेज पर था जहां भगत सिंह ने लिखा है- आजादी क्या है, मुक्ति क्या है…। इन अनमोल चीजों को बेरहम तथा बेदर्द लोगों से कैसे छीना जा सकता है। इस अंक में भगत सिंह ने अपने फांसी से पहले के पल को बयां किया था। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *