माघ माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर दौसा में आज महिलाओं ने सकट (संकष्टी) चौथ का व्रत रखा है। इसे लेकर चौथ माता की पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में महिलाओं की आवाजाही बनी हुई है। दौसा जिला मुख्यालय के चौथ माता मंदिर में महिलाओं ने माता की विशेष पूजा अर्चना कर दीर्घायु की कामना की। मंदिर में पूजा के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। महिलाओं का कहना है कि हिंदू धर्म में सकट चौथ व्रत बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। सकट चौथ को संकष्टी चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन महिलाएं लंबी आयु और घर की सुख-शांति के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। इसके साथ ही इस दिन सकट माता और भगवान गणेश की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करती हैं। फिर रात में चांद को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करती हैं। वैदिक पंचांग के अनुसार सकट चौथ की तिथि 17 जनवरी 2025 को सुबह 4 बजकर 5 मिनट पर आरंभ हो चुकी है। इस तिथि का समापन 18 जनवरी 2025 को सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर होगा। इसलिए सकट चौथ का व्रत आज यानी 17 जनवरी को रख रही हैं और आज ही रात में चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाएगा। पंचांग के अनुसार, आज रात में 9 बजकर 9 मिनट पर चंद्रोदय होगा।


