मुरैना के जौरा स्थित जवाहर नवोदय हायर सेकंडरी स्कूल में बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। यहां कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सीनियर छात्रों ने PT टीचर की प्रताड़ना से तंग होकर खुद को हॉस्टल में बंद कर लिया। छात्रों की नाराजगी इतनी ज्यादा थी कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन के कहने पर भी दरवाजा नहीं खोला। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। करीब 3 घंटे की समझाइश के बाद छात्र माने और गेट खोला। घटना पगारा रोड स्थित स्कूल की है। सुबह जब स्कूल शुरू होने का समय हुआ, तो क्लास रूम खाली पड़े थे। स्कूल प्रबंधन ने हॉस्टल जाकर देखा, तो पता चला कि छात्रों ने खुद को अंदर से लॉक कर लिया है। छात्रों ने दो टूक कह दिया कि जब तक प्रशासन के बड़े अधिकारी नहीं आएंगे, वे बाहर नहीं निकलेंगे। मामला बढ़ता देख प्रबंधन ने प्रशासन को सूचना दी। PT टीचर पर बेवजह पीटने का आरोप छात्रों ने आरोप लगाया कि पीटी टीचर आशुतोष तिवारी उनके साथ अभद्रता और मारपीट करते हैं। वे कभी भी किसी भी छात्र को पीटने लगते हैं। स्कूल प्रबंधन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। टीचर छुट्टी पर, जांच कमेटी बनेगी सूचना मिलने पर जौरा एसडीएम शुभम शर्मा और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को समझाते हुए भरोसा दिलाया कि पीटी टीचर का ट्रांसफर किया जाएगा और मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल आरोपी टीचर को छुट्टी पर भेज दिया गया है। वहीं, स्कूल स्टाफ का कहना है कि कल एक छात्र की पिटाई हुई थी, जिसके बाद छात्र ने भी टीचर से अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही छात्र माने और हॉस्टल का गेट खोला।


