झालावाड़ के पिड़ावा क्षेत्र में डाबला भोज से पंछावा माता मंदिर तक साढ़े 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पिछले 6 वर्षों से अधूरा पड़ा है। यह सड़क 2.48 करोड़ रुपए की लागत से बननी थी, लेकिन अब तक केवल सीसी रोड और पुलिया का काम ही पूरा हुआ है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, निर्माण की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप नहीं है। संवेदक को 65 प्रतिशत राशि का भुगतान किए जाने के बावजूद वह काम छोड़कर चला गया है। ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण वन विभाग की भूमि का हवाला देकर रोक दिया गया है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पंछावा माता मंदिर तक वन विभाग की कोई भूमि नहीं है। सड़क न होने से क्षेत्र के लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहले उन्हें 4.30 किलोमीटर दूर माता मंदिर तक ले जाना पड़ता है, क्योंकि कच्ची सड़क पर एम्बुलेंस नहीं आ पाती। यह मार्ग राजस्थान और मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए पंछावा माता मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच देवीसिंह ने अन्य ग्रामीणों के साथ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पूरा करवाने और घटिया निर्माण की जांच की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व सरपंच मेहरबान सिंह, बालू सिंह, भैरू सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।


