जयपुर पोलो सीजन का आगाज, इंटरनेशनल मैच होगा खास:दुनियाभर के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पोलो खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, लेडीज पोलो मैच का भी रहेगा अट्रेक्शन

राजस्थान पोलो क्लब (आरपीसी) में बहुप्रतीक्षित जयपुर पोलो सीजन 2025 की शुरुआत 15 जनवरी से हो चुकी है। यह सीजन 30 मार्च तक चलेगा और इस दौरान कई रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे। सवाई पद्मनाभ सिंह ने शुक्रवार को राजस्थान पोलो क्लब में मीडिया से बात करते हुए कहा- इस सीजन का मुख्य आकर्षण 12 गोल का ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह, एमवीसी कप के लिए जयपुर ओपन टूर्नामेंट होगा। यह टूर्नामेंट 17 फरवरी से 23 फरवरी तक होगा। यह टूर्नामेंट केरिसिल की ओर से स्पॉन्सर किया गया है। वहीं, इस सीजन में 12 गोल रैफल्स सिरमौर कप का आयोजन 10 फरवरी से 16 फरवरी तक किया जाएगा। इसे रैफल्स जयपुर की ओर से स्पॉन्सर किया जा रहा है। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पोलो (एफआईपी) के एम्बेसेडर ऑफ इंडिया नरेन्द्र सिंह, राजस्थान पोलो क्लब (आरपीसी) के ऑनररी सेक्रेटरी दिग्विजय सिंह और आरपीसी के संयुक्त सचिव, विक्रमादित्य बरकाना भी उपस्थित थे। पद्मनाभ सिंह ने बताया पिछले वर्षों की तरह इस बार भी जयपुर पोलो सीजन में लेडीज पोलो मैच का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को हॉर्स पोलो के खेल में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। पिछले मैचों की सफलता और भारी उत्साह को देखते हुए 22 फरवरी को लेडीज पोलो मैच, प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन (पीडीकेएफ) लेडीज पोलो कप का आयोजन किया जाएगा। इसे यू.एस. पोलो एसोसिएशन और पीडीकेएफ की ओर से स्पॉन्सर किया जा रहा है। राजमाता गायत्री देवी मेमोरियल कप (06 गोल) 20 जनवरी से 26 जनवरी तक खेला जाएगा। इसे रामबाग पैलेस जयपुर की ओर से स्पॉन्सर किया जाएगा। वहीं, सीजन का पहला टूर्नामेंट महाराज पृथी सिंह बारिया कप (06 गोल) है। यह 15 जनवरी से हुआ है, जो कि 19 जनवरी तक चलेगा। इसे ‘सामोद’ की ओर से स्पॉन्सर किया जा रहा है। इस पोलो सीजन में खेल के टॉप पोलो खिलाड़ी भाग लेने जा रहे हैं, जिनमें मैनुअल एफ लोरेंटे (+6); डेनियल ओटामेंडी (+4), लांस वॉटसन (+4), सवाई पद्मनाभ सिंह ऑफ जयपुर(+3), शमशीर अली(+3), सिद्धांत शर्मा(+3), सिमरन शेरगिल (+3), ध्रुव पाल गोदारा(+2), भवानी कालवी (+2), कुलदीप सिंह राठौड़ (+2), राव हिम्मत सिंह बेदला (+1), सलीम आजमी (+1) सहित सेना के कुछ अधिकारी भी हिस्सा लेंगे। इस सीजन खेले जाने वाले एग्जीबिशन मैच में राजमाता पद्मिनी देवी ऑफ जयपुर इंटरनेशनल शील्ड 15 फरवरी को होगा। यह डायकलर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्पॉन्सर किया गया है। वहीं, रघु सिन्हा माला माथुर मेमोरियल कप 25 जनवरी को खेला जाएगा, जिसे रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट की ओर से स्पॉन्सर किया जाएगा। एयू बैंक एग्जीबिशन पोलो मैच 31 जनवरी को होगा, जिसे एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की ओर से स्पॉन्सर किया जाएगा। एक अन्य एग्जीबिशन पोलो मैच 8 फरवरी को होगा। इनके अतिरिक्त, इन एग्जीबिशन मैचों में एशिया कप 2025 भी शामिल होगा। इस सीजन के अन्य महत्वपूर्ण मैचों में 27 जनवरी से 2 फरवरी तक राजस्थान टूरिज्म पोलो कप (06 गोल), जो राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से स्पॉन्सर्ड है और 3 फरवरी से 9 फरवरी तक लीला महाराजा सवाई मान सिंह पोलो कप (08 गोल) शामिल है, जो लीला पैलेस जयपुर की ओर से स्पॉन्सर्ड होगा। युवा खिलाड़ियों में पोलो के खेल को बढ़ावा देने और उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए, जयपुर जूनियर कप (अंडर 21) आउट ऑफ हैट फॉर्मेट में 10 फरवरी से 24 फरवरी तक खेला जाएगा। इसी प्रकार, एसएमएस गोल्ड वास (04 गोल) 24 फरवरी से 2 मार्च तक खेला जाएगा, जो रॉयल जेम्स एंड आर्ट्स द्वारा स्पॉन्सर्ड है। इसके अतिरिक्त चार आरपीसी कप भी होंगे, जिनमें से दो टूर्नामेंट (2 गोल) होंगे और अन्य दो आउट ऑफ हैट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। इस पोलो सीजन के संतोकबा दुर्लभजी मेमोरियल हॉस्पिटल मेडिकल पार्टनर, जयपुर वॉच कम्पनी टाईम पार्टनर एवं कोड सिल्वर और पोलो फैक्ट्री एसोसिएट पार्टनर्स हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *