धौलपुर पुलिस ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एक अनूठी पहल की है। पुलिस लाइन में जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और रोटरी क्लब के सहयोग से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की ‘परवाह प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवा वर्ग अक्सर जोश में होश खो देता है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को दुर्घटनाओं की भयावहता से अवगत कराना है। जब बच्चे दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे, तो उन्हें यातायात नियमों की गंभीरता का अहसास होगा। जिला परिवहन अधिकारी देवानंद ने बताया कि जिले के सभी स्कूली बच्चों को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जाएगा। यातायात प्रभारी टीनू सोगरवाल के अनुसार, यह प्रदर्शनी लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है। परिवहन निरीक्षक मनोज इंदौलिया ने एक महत्वपूर्ण बिंदु उठाते हुए बताया कि अधिकांश दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में सीट बेल्ट न लगाने के कारण एयरबैग नहीं खुले। उन्होंने सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में न्यू एरा पब्लिक विद्यालय के छात्रों ने सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित वीडियो देखे। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


