यूपी मंत्री का विवादित बयान, कांग्रेस का पलटवार:विपक्ष को ‘निशाचरों की औलाद’ कहने पर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष बोले- सत्ता पक्ष भस्मासुर जैसा

उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री डॉ. रघुराज सिंह के विवादित बयान ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। मंत्री द्वारा विपक्ष को ‘निशाचरों की औलाद’ कहे जाने पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। हनुमानगढ़ के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अश्विनी पारीक ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह भस्मासुर ने स्वयं का विनाश किया, उसी तरह वर्तमान सत्ता पक्ष देश की आत्मा और संस्कृति को नष्ट करने पर तुला है। पारीक ने कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ा और हमेशा सभी 36 कौमों का सम्मान किया है। उन्होंने हनुमानगढ़ की सौहार्दपूर्ण परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, लेकिन यूपी के मंत्री अपनी टिप्पणियों से इस भाईचारे को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि जिस पार्टी ने आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नहीं दिया, उसके मंत्री आज ‘ज्यादा आजादी नुकसानदेह है’ जैसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने मंत्री की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि को अपनी गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। पारीक ने कहा कि संविधान का धर्म ही सबसे बड़ा धर्म है। सत्ता पक्ष को इस बात को समझना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के सत्ता पक्ष के लोगों से मांग की कि वे विपक्ष के समर्थन में आगे आकर यूपी सरकार में मंत्री डॉ. रघुराज सिंह के इन विवादित बयानों का खण्डन करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *