धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना इलाके के दौनारी गांव में एक युवक की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। युवक की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर की गई। युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई।
पुलिस की जांच में प्रेमी ने यह कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी शाहरुख खान को गिरफ्तार कर लिया हैं।
इससे पहले परिजनों को गुमराह करने के लिए मृतक की पत्नी ने उनसे कहा कि उस पर पति की आत्मा आई है और वह उन्हें शेरगढ़ किले के पास ले गई। वहां परिजनों को खून से सनी चुनरी और एक खून से सना पत्थर मिला। इन 3 फोटोज के जरिए समझिए पूरा मामला यह था मामला
धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने बताया कि घटना सोमवार 29 दिसंबर की शाम की है। कोतवाली थाना इलाके में शेरगढ़ किले के पास 50 फीट गहरे गड्ढे में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान दौनारी निवासी रविकांत (34) पुत्र सोरन सिंह के रूप में हुई। चचेरे भाई ने गुमशुदगी की दी थी रिपोर्ट
रविकांत 2 दिन पहले घर से लापता हो गया था। उसके चचेरे भाई संजय कुमार पुत्र लाल सिंह ने सैंपऊ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि रविकांत 27 दिसंबर को गांव से बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा और उसका फोन भी उसी दिन से बंद आ रहा था। परिजनों को पत्नी ले गई किले के पास
एसपी ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने के कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा को निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि गुमशुदगी के बाद पुलिस और परिजन रविकांत की तलाश कर रहे थे। इस दौरान सोमवार 29 दिसंबर को युवक की पत्नी रजनी ने परिजनों से कहा कि उस पर पति की आत्मा आई है और वह उन्हें शेरगढ़ किले के पास ले गई। वहां परिजनों को खून से सनी रजनी की चुनरी और एक खून से सना पत्थर मिला। खाई में मिला शव, कुचला हुआ था सिर-चेहरा
सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड ने बताया कि मृतक के परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। किले की चारदीवारी के बाहर तलाशी के दौरान पुलिस को युवक का शव खाई में मिला। जिसका सिर और चेहरा पत्थर से कुचला हुआ था। पुलिस ने मामले को हत्या से जोड़ते हुए FSL टीम को बुलाया और मौके से साक्ष्य जुटाए। इकलौता बेटा था रविकांत, बेंगलुरु में करता था काम
रविकांत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी शादी करीब 14 साल पहले हथवारी गांव की रहने वाली रजनी के साथ हुई थी। इनके 2 बच्चे हैं, जिसमें 7 साल की बड़ी बेटी और 5 साल का छोटा बेटा है। घर का खर्च चलाने के लिए रविकांत बेंगलुरु में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था 1 साल पहले ऑटो ड्राइवर से हुआ पत्नी को प्यार
पूछताछ में ऑटो ड्राइवर शाहरुख ने बताया कि 1 साल पहले रजनी अपने पति को बेंगलुरु छोड़ने के लिए गांव से धौलपुर रेलवे स्टेशन आई थी। पति को छोड़ने के बाद रजनी ऑटो ड्राइवर शाहरुख के साथ बैठकर उसके गांव तक गई। पहली मुलाकात के करीब 15 दिन बाद दोनों की दूसरी मुलाकात हुई। जिसमें धौलपुर सामान लेने आई रजनी शाहरुख के ऑटो में बैठकर अपने गांव गई थी, जहां रजनी ने शाहरुख को अपना फोन नंबर दे दिया। इसके बाद दोनों में प्रेम प्रसंग बढ़ता चला गया। 26 दिसंबर को पति के साथ घर आया था शाहरुख
शाहरुख ने बताया कि बेंगलुरु में 6 महीने रहने के बाद 26 दिसंबर को रजनी का पति रविकांत बेंगलुरु से वापस लौटा था। जो शाहरुख को लेकर अपने घर रात को पहुंचा। यहां रात को दोनों रविकांत के ही घर में ही रुके। जिसके बाद 27 दिसंबर को सुबह शाहरुख घर से निकल गया। प्रेमी पर पत्नी ने बताया पति के मर्डर का दबाव
आरोपी प्रेमी शाहरुख खान ने बताया कि मृतक की पत्नी रजनी ने उस पर पति रविकांत की हत्या करने का दबाव बनाया था। जिसके चलते रजनी ने रविकांत को शाहरुख के साथ बाजार कपड़े ले जाने के लिए तैयार कर दिया। इसके लिए शाहरुख 1 घंटे पहले घर से निकल आया, जिसने गांव के बाहर रविकांत के आने का इंतजार किया। शेरगढ़ किले पर शराब पिलाकर की निर्मम हत्या
आरोपी शाहरुख खान ने बताया कि वह रविकांत को बाइक से लेकर शेरगढ़ के किले पर पहुंचा। जहां उसने शेरगढ़ के मंदिर के पीछे रविकांत को शराब पिलाई। शराब के नशे में धुत्त हो जाने के बाद उसने रविकांत के सिर पर 2 बार बड़ा पत्थर पटक दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविकांत की मौत होने के बाद उसने शव को खाई में फेंक दिया। 2 दिन तक नहीं मिलने पर पत्नी ने बनाई झूठी कहानी
परिजन रविकांत की लगातार तलाश कर रहे थे। जिसका कुछ भी सुराग नहीं लग पा रहा था। इसके बाद मृतक की पत्नी रजनी ने खुद के ऊपर पति की आत्मा आने का नाटक किया, जिसमें पति की आत्मा के रूप में रजनी ने रविकांत की लाश शेरगढ़ किले के पीछे होने की बात कही। जहां तलाश के बाद युवक की लाश मिल गई।


