गुमला जिले के गुमला सदर थाना क्षेत्र स्थित बह्मनी खोरा में एक 38 वर्षीय किसान राजेंद्र उरांव की नाले में डूबकर मौत हो गई। वह मंगलवार शाम आलू की सिंचाई करने के लिए खेत गए थे, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश की। बुधवार दोपहर को ग्रामीणों की सहायता से नाला बांध में उनका शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर गुमला सदर थाना के एसआई विनय कुमार महतो मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक के परिजन मंगलदेव उरांव ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र मंगलवार शाम घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में आलू की सिंचाई करने गए थे। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने के कारण वह नाले के पानी में डूब गया। परिजनों ने यह भी बताया कि राजेंद्र को मिर्गी की बीमारी थी। राजेंद्र उरांव की दो बेटियां हैं। परिजनों को अब उनकी शिक्षा और शादी को लेकर चिंता सता रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई है।


