बुधवार को नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर एक यात्री चलती मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन में चढ़ते समय गिर गया। हादसे में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन रेलवे अधिकारियों और डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई। संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, ट्रेन में चढ़ते समय यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से यात्री के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के कॉमर्शियल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे मौके पर पहुंचे और घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण यात्री को तत्काल ऑक्सीजन दी गई। जिला अस्पताल रेफर किया प्राथमिक उपचार के बाद घायल यात्री को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल नरसिंहपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। सहयात्री सुखचैन ने घायल की पहचान मंडला जिले के खलवाड़े गांव निवासी सोम सिंह (50 वर्ष) के रूप में की है। यात्री के पास सामान्य श्रेणी का टिकट था। सुरक्षा कारणों से ट्रेन रोकी घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए गाड़ी मैनेजर जगदीश प्रसाद द्वारा ट्रेन को रोका गया। इस वजह से ट्रेन 12:02 बजे से 12:20 बजे तक करीब 18 मिनट देरी से चली। रेलवे कर्मचारियों की रही अहम भूमिका इस पूरे घटनाक्रम में स्टेशन प्रबंधक सुनील जाट, आरपीएफ जवान फिरोज खान, लखन बर्माइया और कॉमर्शियल स्टाफ सहित रेलवे के अन्य कर्मचारियों ने त्वरित और सराहनीय भूमिका निभाई।


