बोकारो में कमरे से मिला दंपती और बच्चे का शव:बच्चे की हत्या के बाद पति-पत्नी ने लगाई फांसी, दोनों ने किया था लव मैरिज

बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-9/A, स्ट्रीट-5 स्थित बीएसएल के एक आउट हाउस में बुधवार दोपहर सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां किराए पर रह रहे दंपती और उनके दो साल के बच्चे का शव कमरे से बरामद किया गया। घटना हरला थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान कुंदन तिवारी (37), उसकी पत्नी रेखा कुमारी (32) और दो साल के बेटे सेयांश के रूप में की गई है। परिवार पर काफी कर्ज का दबाव था। आशंका जाहिर की जा रही है कि दंपती ने पहले बच्चे की हत्या की फिर खुद फंदे से लटक जान दे दी। कुंदन तिवारी बांका, बिहार का रहने वाला था, जबकि उसकी पत्नी रेखा कुमारी का मायका बोकारो के तुपकाडीह में है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और पिछले कुछ समय से इसी आउट हाउस में रह रहे थे। हाल के दिनों में रेखा के माता-पिता भी सेक्टर-9 में बगल में क्वार्टर लेकर रह रहे थे। मामले की गहन जांच की जा रही: डीएसपी बोकारो सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पहले दंपती ने अपने दो साल के बेटे सेयांश की तकीए से दबाकर हत्या की। इसके बाद पति-पत्नी ने रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। कुंदन पर 25 लाख रुपए का कर्ज था स्थानीय लोगों के अनुसार, कुंदन तिवारी बाजार से जहां-तहां पैसे उधार लेता था और खुद को सदर अस्पताल, देवघर में कार्यरत बताता था। बताया जा रहा है कि उस पर लगभग 25 लाख रुपए का कर्ज था, जिसे लेकर वह लगातार दबाव में था। मकान मालिक से भी लाखों रुपए कर्ज ले रखा था: सास मृतका रेखा की मां जितनी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके दामाद ने मकान मालिक से भी लाखों रुपए कर्ज ले रखा था। कुछ दिन पहले मकान मालिक ने उन्हें धमकाया था कि यदि कुंदन पैसा नहीं देगा तो उनसे वसूली की जाएगी। इस संबंध में वे थाना भी गईं थीं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले एक सोने की अंगूठी लाकर मकान मालिक को दी गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *