110 से अधिक दिव्यांगों को मिला कृत्रिम अंग का लाभ:इंदल धाम मटली में निशुल्क शिविर का सफलतापूर्वक समापन

बड़वानी के इंदल धाम मटली में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित निशुल्क कृत्रिम अंग, हाथ-पैर कैलिपर्स वितरण एवं प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। इस शिविर के माध्यम से 110 से अधिक दिव्यांगजनों को लाभ मिला, जिससे वे आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। यह सेवा शिविर दिव्यांगता मुक्त भारत परियोजना के अंतर्गत रानी काजल माता वनवासी समिति, राजपुर (जिला बड़वानी) के तत्वावधान में रेवाराम दादा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था। शिविर के संचालन में परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश एवं महावीर सेवा सदन, कोलकाता का सहयोग रहा। शिविर 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक निरंतर संचालित किया गया। इसमें महावीर सेवा सदन, कोलकाता की विशेषज्ञ तकनीशियनों की टीम ने समर्पण भाव से सेवाएं प्रदान कीं। दिव्यांगजनों को न केवल कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए, बल्कि उनकी फिटिंग, प्रशिक्षण और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी पात्र दिव्यांगजनों से शिविर का लाभ लेने की अपील की थी, जिसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण लिंक की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। इस सेवा कार्य में समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा, जिससे जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सकी। शिविर के समापन अवसर पर सेवाएं देने वाले सभी डॉक्टरों एवं कर्मचारियों का माला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान रेवाराम दादा, मुकेश ‘पप्पू’ कुशवाह, पुनीत सोनी, राहुल गुप्ता, शांतिलाल कुशवाह, नानूराम पाटीदार, विनोद पाटीदार, उमेश शर्मा, हुकुमचंद राठौड़, छन्नू जायसवाल, रतनलाल गोले, रमेश गोले, कैलाश राठौड़ एवं अरविंद चेतावले सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *