मध्यप्रदेश में जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वालियर जिले के डबरा और राजधानी भोपाल में छापेमारी की। डबरा में सीजीएसटी की टीम ने एक स्मेल्टर्स और रोलर्स कारोबारी के यहां छापा मारकर करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा किया, वहीं भोपाल के बंसल वन स्थित एक रेस्टारेंट और बार में स्टेट जीएसटी की टीम ने मंगलवार दिनभर जांच की। सीजीएसटी अधिकारियों के अनुसार ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में गोपनीय सूचना के आधार पर मेसर्स ओम स्मेल्टर्स एंड रोलर्स प्राइवेट लिमिटेड के यहां छापेमारी की गई। भर्तृहरि गांव में की गई इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने पाया कि संबंधित कारोबारी ने सीजीएसटी अधिनियम 2017 की धारा 16 का उल्लंघन किया है। जीएसटीआईएन 23AABCO2147C1Z3 से जुड़े इस कारोबारी ने अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया था। कारोबारी ने जमा किए 1.05 करोड़ जांच के दौरान सीजीएसटी भोपाल की जांच शाखा की टीम के सामने कारोबारी ने अनियमितता स्वीकार की। कार्रवाई में अनियमित आईटीसी लाभ और तैयार माल के कम स्टॉक का खुलासा हुआ, जिसके बाद कारोबारी ने स्वेच्छा से 1.05 करोड़ रुपए का भुगतान तत्काल कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। भोपाल में रेस्टारेंट-बार पर स्टेट जीएसटी की जांच दूसरी ओर राजधानी भोपाल में रानी कमलापति स्टेशन के पास बंसल वन बिल्डिंग स्थित द रास्ता हाउस और माय बार के संचालकों के यहां स्टेट जीएसटी की टीम ने मंगलवार को दिनभर जांच की। इससे पहले सोमवार शाम करीब दो घंटे तक जांच के बाद दोनों प्रतिष्ठानों को बंद करा दिया गया था। इसके बाद मंगलवार को देर रात तक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच चलती रही। सूत्रों के मुताबिक इन दोनों प्रतिष्ठानों से भी करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि संबंधित रेस्टारेंट और बार का संबंध एक भाजपा नेता से है। हालांकि जीएसटी विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


