मंदसौर में नए साल को लेकर पुलिस अलर्ट:जिलेभर में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, शराब पीकर वहान चलाने पर कार्रवाई

नववर्ष 2026 और 31 दिसंबर की रात को देखते हुए मंदसौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 1 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। पुलिस द्वारा शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। मंदसौर एसपी ने नए साल और आगामी त्योहारों को लेकर सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। होटल, लॉज, ढाबा, कैफे और बार की जांच के आदेश दिए गए हैं। 31 दिसंबर की रात शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलेभर में चेकिंग पॉइंट बने 31 दिसंबर को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए जाएंगे। वाहनों की सघन जांच के साथ ढाबों, होटलों, बार और संदिग्ध स्थानों पर पुलिस की नजर रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों, मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नववर्ष पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पशुपतिनाथ मंदिर, नालछा माता मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर पुलिस का सूचना तंत्र सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगा। किसी भी अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। रात 10 बजे के बाद होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, रिसॉर्ट और सार्वजनिक स्थानों पर लाउडस्पीकर बंद करवाने के निर्देश दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरी तरह तैयार एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि हाईवे, शहर और कस्बों में सघन गश्त और फिक्स पिकेट लगाए जाएंगे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मंदसौर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *