पंजाब के फाजिल्का में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज कुमार और लवप्रीत लवली के रूप में हुई है, जो आनंदपुर मोहल्ला फाजिल्का के रहने वाले हैं। सिटी थाना एसएचओ लेखराज के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में 10 बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई है। मुख्य आरोपी सूरज कुमार ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने 50 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और लगभग 20 चोरी की बाइक बेच चुका है। सूरज कुमार पर पहले भी करीब आधा दर्जन चोरी के मामले दर्ज हैं। बाइक खरीदने वाले लोगों पर भी केस दर्ज जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फाजिल्का, जलालाबाद, अबोहर और मुक्तसर साहिब में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। वारदात के बाद वे शहर बदल लेते थे। पुलिस ने चोरी के वाहन खरीदने वाले दो लोगों को भी नामजद किया है। इसके अलावा, आरोपियों से एक घर से चोरी किया गया जूसर भी बरामद किया गया है, जो पुजारिया गली में एक इलेक्ट्रॉनिक का काम करने वाले व्यक्ति के घर से चुराया गया था। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया है और आगे की पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना जताई है। यह कार्रवाई शहर में बढ़ती वाहन चोरी की शिकायतों के बाद की गई थी।


