फाजिल्का में गांव घल्लू के पास एक व्यक्ति की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान जलालाबाद के गांव ढंडी कदीम निवासी 42 वर्षीय काला सिंह के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 5 बजे की है, जब काला सिंह अपनी पत्नी सुरजीता और एक रिश्तेदार के साथ फाजिल्का से बीकानेर मजदूरी करने जा रहे थे। ट्रेन जब गांव घल्लू के पास पहुंची, तो काला सिंह को मतली महसूस हुई। वह उल्टी करने के लिए डिब्बे की खिड़की के पास गया, जहां चक्कर आने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। किसी यात्री ने तुरंत चेन खींची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था और दो बच्चों का पिता था। घटना की सूचना मिलते ही अबोहर जीआरपी के एएसआई भजन लाल और हेड कॉन्स्टेबल राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ के सदस्य सोनू ग्रोवर और बिट्टू नरूला की मदद से शव को अबोहर अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने आर्थिक सहायता की अपील की है।


