सागर की लाखा बंजारा झील में बने एलिवेटेड कॉरिडोर से एक बुजुर्ग को अज्ञात व्यक्ति ने धक्का दे दिया। कड़ाके की ठंड में बुजुर्ग पूरी रात झील के पिलर के सहारे पानी में खड़े रहे। बुधवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड्स की नजर पड़ी, तब जाकर उन्हें बोट की मदद से बाहर निकाला गया। सदर निवासी हरप्रसाद रैकवार (62) ने बताया कि वे मंगलवार रात करीब 11.30 बजे बस स्टैंड के पास एलिवेटेड कॉरिडोर पर खड़े होकर झील देख रहे थे। तभी पीछे से किसी ने उन्हें धक्का दे दिया और वे सीधे पानी में जा गिरे। उन्होंने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन रात होने के कारण किसी ने नहीं सुना। वे पूरी रात पिलर पकड़कर पानी में खड़े रहे। बुधवार सुबह मामले में सिक्योरिटी गार्ड्स के सुपरवाइजर विक्की ने पुलिस को सूचना दी। बुजुर्ग को रेस्क्यू कर चेकअप के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। तस्वीरों में देखें बुजुर्ग का रेस्क्यू… पुलिस धक्का देने वाले का पता लगा रही
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि बुजुर्ग तालाब में गिरा था। उसको सुरक्षित बाहर निकाला है। उनका चेकअप कराने के बाद घर भेज दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। धक्का देने और तालाब में गिरने, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। एलिवेटेड कॉरिडोर पर जाली लगवा रहा प्रशासन
एलिवेटेड कॉरिडोर पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते नगर निगम ने कॉरिडोर की बाउंड्री पर 5 फीट ऊंची जाली लगाने का निर्णय लिया है। प्रस्ताव पास होने के बाद कॉरिडोर पर जाली लगाने का काम शुरू हो गया है। ताकि तालाब में कूदने और गिरने की घटनाओं को रोका जा सके। इसी बीच बुजुर्ग के तालाब में गिरने की घटना सामने आई है।


