नए साल को देखते हुए रायसेन पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस ने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है। रायसेन के एडिशनल एसपी कमलेश कुमार ने बताया कि नए साल पर साइबर ठग शुभकामनाओं के नाम पर मोबाइल पर एपीके फाइल और संदिग्ध लिंक भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल हैक हो सकता है और बैंक खाते से पैसे निकलने का खतरा रहता है। इसलिए किसी भी अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें। शराब पीकर वाहन चलाने पर होगी सख्त कार्रवाई
एडिशनल एसपी ने साफ किया कि नए साल की रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग मचाने या सार्वजनिक जगहों पर उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नववर्ष को देखते हुए जिले के धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रातभर पुलिस गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चलाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नया साल शांति और जिम्मेदारी के साथ मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


