साइबर ठगी: आरोपी अमित अग्रवाल की BMW कार जब्त:करोड़ों की ऑनलाइन बेटिंग का आरोपी, मजदूर के खाते से हुआ था खुलासा

बैतूल पुलिस ने साइबर ठगी और अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क मामले में आरोपी अमित अग्रवाल से जुड़ी एक BMW लग्जरी कार जब्त की है। यह मामला तब सामने आया था जब एक मजदूर के खाते में अचानक दो करोड़ रुपये आ गए थे, जिसके बाद जांच में पूरा नेटवर्क उजागर हुआ। कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 1064/2025 के तहत यह कार्रवाई की। जब्त की गई BMW कार का रजिस्ट्रेशन नंबर DD02G7238 है। आरोपी अमित अग्रवाल ने पूछताछ में बताया कि यह वाहन आलोक चतुर्वेदी ने अपनी फर्म ‘Kifwat India Private Limited’ के नाम से खरीदा था और उसे उपलब्ध कराया था। जांच में खुलासा हुआ है कि वाहन के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड में दर्ज मोबाइल नंबर आरोपी अमित अग्रवाल का ही है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कार का वास्तविक उपयोग और नियंत्रण आरोपी के पास ही था। पुलिस को संदेह है कि यह वाहन साइबर ठगी और ऑनलाइन बेटिंग से अर्जित धन (Proceeds of Crime) से खरीदा गया है। इसी आधार पर 31 दिसंबर 2025 को वाहन जब्त किया गया। फिलहाल, पुलिस वाहन से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन, फर्म की भूमिका और अन्य सहयोगी व्यक्तियों की जांच कर रही है। मनी-ट्रेल और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण भी जारी है। इस मामले में पुलिस पहले भी कई बैंक खातों को सीज कर चुकी है। ठगी में शामिल इस पूरे नेटवर्क की परतें लगातार खुलती जा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *