बठिंडा जिले में पुलिस द्वारा ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 524 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान हरियाणा के डबवाली निवासी राहुल उर्फ मिडा के रूप में हुई है। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस पुलिस और थाना केंट की टीम ने भागू रोड पर टी-पॉइंट के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक स्कूटी सवार व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 524 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज आरोपी राहुल उर्फ मिडा पुत्र अमरजोत वर्तमान में हरबंस नगर में रहता है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने बठिंडा जैसे बड़े शहर को इसलिए चुना ताकि वह आसानी से नशा बेच सके और किसी को उस पर शक न हो। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर हेरोइन के मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। रिमांड पर लेकर उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।


