जयपुर में गौ आधारित प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विधानसभा के पास स्थित बिल्डिंग में शुक्रवार सुबह 8 बजे से 24 घंटे का अखंड संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जैविक राजस्थान अभियान के प्रणेता सुनील-सुशीला शर्मा ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जिसमें देश भर के प्रमुख किसान, कृषि विशेषज्ञ और बुद्धिजीवी शामिल हुए। कार्यक्रम में सुनील-सुशीला शर्मा ने स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक खेती की अनिवार्यता पर जोर दिया। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद् के अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बताया कि भारतीय जैविक किसान उत्पादक संघ रासायनिक खेती को रोकने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विशाल पराशर ने बताया कि सुनील-सुशीला शर्मा पिछले कई वर्षों से गांव-गांव जाकर जैविक खेती का संदेश फैला रहे हैं। उनके प्रयासों से कई किसानों ने पारंपरिक खेती छोड़कर प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाया है। यह कार्यक्रम गौ संरक्षण, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


