जयपुर में पहली बार सैन्य छावनी की सीमाओं से बाहर आर्मी डे परेड का आयोजन किया जा रहा है। 15 जनवरी 2026 को आर्मी डे की मुख्य परेड महल रोड (जगतपुरा) पर होगी। इससे पहले 9, 11 और 13 जनवरी को इसकी रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसे आम लोग भी देख सकेंगे। हर दिन करीब डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। परेड और रिहर्सल को देखते हुए 1 जनवरी 2026 से ही महल रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
आर्मी डे परेड की तैयारियों के तहत 1 जनवरी 2026 से महल रोड पर पूर्वाभ्यास शुरू होगा, जो आयोजन दिवस तक चलेगा। इस दौरान एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा (जगतपुरा) तक सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामान्य यातायात बंद रहेगा। कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, आम नागरिक और कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। कल से महल रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट
एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक महल रोड पर यातायात बंद रहने के कारण आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग महल रोड के समानांतर मार्गों का उपयोग कर सकेंगे। इस हिस्से में खुलने वाले आवासीय कॉलोनियों के गेट और छोटे रास्तों से किसी भी तरह का यातायात महल रोड पर नहीं आ सकेगा।
खाटूश्याम सर्किल से एनआरआई चौराहा और अक्षयपात्र की तरफ जाने वाला ट्रैफिक एनआरआई चौराहा से हल्दीघाटी मार्ग और वीआईटी रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल और अक्षयपात्र की ओर जाने वाले वाहनों को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा से केन्द्रीय विहार मार्ग पर भेजा जाएगा। अगर यातायात का दबाव ज्यादा होता है तो विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल की तरफ जाने वाले वाहनों को विधाणी चौराहे से महात्मा गांधी रोड की तरफ मोड़ा जाएगा। राणा सांगा मार्ग से अक्षयपात्र चौराहा और महल रोड की ओर जाने वाला ट्रैफिक द्वारकापुरा सर्किल या गौतम बुद्ध सर्किल से समानांतर मार्गों पर डायवर्ट रहेगा। इसी तरह गोनेर रोड से अक्षयपात्र चौराहा और महल रोड की ओर आने वाले वाहन डी-मार्ट सर्किल से समानांतर रास्तों का उपयोग करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम लोगों के वाहन हल्दीघाटी मार्ग और राणा सांगा मार्ग पर तय किए गए पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जा सकेंगे। लड़ाकू विमान, टैंक और मिसाइलों का होगा प्रदर्शन
आर्मी डे परेड में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों की फ्लाई-पास्ट, सैन्य टुकड़ियों का मार्च, टैंक, मिसाइल, ड्रोन तकनीक और आधुनिक युद्ध क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। परेड में नेपाल आर्मी बैंड भी हिस्सा लेगा। यह आयोजन सेना और आम लोगों के बीच जुड़ाव को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
15 जनवरी को ‘शौर्य संध्या 2026’, 1000 ड्रोन लेंगे हिस्सा
आर्मी डे परेड के मौके पर 15 जनवरी को एसएमएस स्टेडियम में ‘शौर्य संध्या 2026’ का आयोजन होगा। इसका पूर्वाभ्यास 10 जनवरी को किया जाएगा। कार्यक्रम में फर्स्ट डे कवर का विमोचन, शहीदों के परिजनों का सम्मान, परंपरागत युद्ध कलाओं का प्रदर्शन और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित लाइट एंड साउंड शो होगा। इस दौरान 1000 ड्रोन का विशेष शो भी आयोजित किया जाएगा।
8 से 12 जनवरी तक ‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी
8 से 12 जनवरी 2026 तक सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में ‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें आम लोग सेना की आधुनिक हथियार प्रणालियों और रक्षा तकनीक को नजदीक से देख सकेंगे।


