लटेरी अस्पताल में डॉक्टरों का विरोध:महिला की मौत के बाद परिजनों पर मारपीट का आरोप, सुरक्षा की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर पहुंचे

विदिशा के लटेरी शासकीय अस्पताल में एक महिला की डिलीवरी के दौरान मौत के बाद विवाद बढ़ गया है। बुधवार दोपहर अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल स्टाफ की सुरक्षा की मांग की है। डॉक्टरों का आरोप है कि मंगलवार को प्रसव के दौरान महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने एक डॉक्टर के साथ मारपीट और अभद्रता भी की। डॉक्टरों का कहना है कि वे पूरी निष्ठा से अपना कर्तव्य निभा रहे थे, इसके बावजूद उन पर हमला किया गया। डॉक्टर बोले- मानसिक दबाव में काम मुश्किल
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि इस घटना के बाद से अस्पताल का स्टाफ मानसिक दबाव में है और ऐसे माहौल में काम करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई और अस्पताल स्टाफ को सुरक्षा का भरोसा नहीं मिला, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। गौरतलब है कि मंगलवार को लटेरी शासकीय अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया था। इस मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की बात भी कही जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *