जयपुर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात पेयजल की भारी बर्बादी देखने को मिली। झालाना बायपास पर बीसलपुर पाइप लाइन में बड़ा लीकेज हो गया, जिससे लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह गया। सर्दी के मौसम में रिपेयर करने वाले कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। अधिकारी पहुंचे, लेकिन रात में लाइन की मरम्मत नहीं हो पाई। समस्या को हल करने के लिए रामनिवास बाग की लाइन से ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ सप्लाई शुरू की गई। इससे पिंक स्क्वायर मॉल के सामने रिवर्स फ्लो की वजह से लाइन का एयर सिस्टम खराब हो गया और एयर वॉल्व से पानी का फव्वारा फूट पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और पेयजल विभाग के कंट्रोल रूम (0141-2706624) पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। विभाग का कंट्रोल रूम केवल दो शिफ्ट में – सुबह 10 से दोपहर 2 बजे और दोपहर 2 से रात 10 बजे तक ही कार्यरत रहता है। ट्रांसपोर्ट नगर के सहायक अभियंता अभय सिंह ने बताया कि झालाना से जवाहर नगर जाने वाली बीसलपुर लाइन में हुए लीकेज की मरम्मत के प्रयास जारी हैं। रामनिवास बाग की लाइन से कनेक्शन जोड़ने के कारण रिवर्स वाटर सप्लाई से एयर पाइप में से पानी बाहर आ गया। विभाग द्वारा लाइन की मरम्मत के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


