जावर उद्वहन सिंचाई परियोजना के शुरुआत के दौरान खामियां देखने को मिल रही हैं। पाइपलाइन पानी का प्रेशर नहीं झेल पा रही हैं। नहर के भरोसे बोवनी कर चुके किसान अब आक्रोशित हैं। बुधवार को सांसद-विधायक ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ली। बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक नारायण पटेल, छाया मोरे, कंचन तनवे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेडे के साथ कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित जल संसाधन विभाग और नर्मदा घाटी विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में योजनाओं के माध्यम से खेतों तक समय पर पानी पहुंचे। सांसद पाटिल ने अधिकारियों से कहा कि किसानों और जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद कर सिंचाई योजनाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लें और उनका समयबद्ध निराकरण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति निर्धारित शेड्यूल के अनुसार हो और उसी के अनुरूप खेतों तक पानी पहुंचाया जाए। साथ ही सिंचाई कर की नियमित वसूली और नहर समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर बोले- एसडीएम को मौके पर भेजेंगे
जावर क्षेत्र में सिंचाई को लेकर आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने एसडीएम खंडवा को गुरुवार को मौके पर जाकर किसानों और विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सिंचाई योजनाओं की सतत निगरानी कर किसानों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।


