बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नववर्ष 2026 के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पूरे जिले को चार अनुविभागों में बांटकर एक व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की गई है। नववर्ष पर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कुल 150 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीओपी बलौदाबाजार, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक कैंप कसडोल कौशल किशोर वासनिक और उप पुलिस अधीक्षक यातायात अमृत कुजूर के नेतृत्व में सौंपी गई है। इनकी अगुआई में संबंधित थाना प्रभारी सुरक्षा प्रबंधों में सक्रिय रूप से जुटे हैं। 19 पेट्रोलिंग टीम कर रही गश्त पुलिस ने 19 पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की हैं, जो रात 8 बजे से लगातार गश्त कर रही हैं। गार्डन चौक, विभिन्न बस स्टैंड और अस्पताल चौक सहित 30 संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट लगाए गए हैं। पिकनिक स्पॉट्स पर स्पेशल सुरक्षा तैनात नववर्ष के पहले दिन गिरौदपुरी, बलार डैम और सोनबरसा जंगल जैसे प्राकृतिक स्थलों और पिकनिक स्पॉट्स पर भी विशेष सुरक्षा तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने, रेसिंग करने और तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। किसी भी असामान्य या संदिग्ध सूचना पर तत्काल पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


