इंदौर के उषानगर स्थित गजासीन शनि धाम का 14वां स्थापना महोत्सव शुभ मुहूर्त में गो सेवा से प्रारंभ हुआ। महामंडलेश्वर दादू महाराज के सानिध्य में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड की कई हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत देवी अहिल्या गोशाला में गो सेवा से हुई, जहां दादू महाराज का तुलादान भी किया गया। इस दौरान अभिनेता मुकुल नाग, निर्देशक रंजन कुमार सिंह, अभिनेता बनवारी लाल झोल, कृष्णा भट्ट समेत कई फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। मंदिर में शनिदेव का पवित्र जल और तेल से शनि बीज मंत्रों के साथ महाभिषेक किया गया। महोत्सव के दौरान आम जनता के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आयुष निर्माता संघ द्वारा आयुर्वेदिक चिकित्सा की सुविधा प्रदान की गई। भगवान का भव्य श्रृंगार कर 56 भोग अर्पित किए गए और महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मीडिया प्रभारी राम मूंदड़ा और माधव इंदौरी के अनुसार अगले दिन शनिवार को प्रातः 9 बजे श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ का शुभारंभ अरणी मंथन के साथ होगा। शाम 7 बजे विशेष पालकी यात्रा निकाली जाएगी, जो उषा नगर एक्सटेंशन से दशहरा मैदान होते हुए मंदिर वापस लौटेगी। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया जाएगा।


