ग्वालियर में नए साल का जमकर जश्न मनाया जा रहा है। साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर को पर्यटकों ने जिले के पर्यटन स्थलों पर जाकर सेलिब्रेट किया। वहीं, रात 11 बजे के बाद जबलपुर में ISBT पर बज रहे डीजे को लेकर हिंदू सेवा परिषद के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश दी। हालांकि, कार्यकर्ता इस दौरान जमकर नारेबाजी करते रहे। भेड़ाघाट पर पहुंचे बड़ी संख्या में पर्यटक
बुधवार को जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक परिवार और मित्रों के साथ भेड़ाघाट पहुंचे थे। इस दौरान शासन की तमाम रोक-टोक और चेतावनियों के बावजूद कई पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालकर तेज धार और खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेते भी नजर आए। ण्क वीडियाे भी सामने आया है जिसमें धुआंधार जलप्रपात के बेहद करीब एक महिला और युवक सेल्फी लेते दिखे। एक अन्य युवक लहरों के बीच आधा डूबकर फोटो खिंचवाता दिख रहा है। जरा-सा संतुलन बिगड़ने पर ये लोग सीधे जलप्रपात में गिर सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। 30 से ज्यादा स्थान सेल्फी के लिए डेंजर जोन
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भेड़ाघाट नगर पालिका और होमगार्ड के जवान मौके पर तैनात किए गए हैं। रोको-टोको अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवा चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहे हैं। सेल्फी जानलेवा हो सकती है यह बात सभी जानते हैं, फिर भी रोमांच और दिखावे के चक्कर में लोग खतरे को न्योता दे रहे हैं। जबलपुर में 30 से अधिक ऐसे स्पॉट हैं, जहां सेल्फी लेना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। कई स्थानों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आते, नतीजतन लोग बेखौफ होकर खतरनाक इलाकों तक पहुंच रहे हैं। प्रशासन व्यापक जागरूकता अभियान भी लगातार चला रहा है, पर यह ना काफी है। भेड़ाघाट क्षेत्र में धुआंधार के पास, न्यू भेड़ाघाट, व्यू प्वाइंट, धुआंधार के पीछे का हिस्सा, पंचवटी में नौकाविहार के दौरान, रोपवे संचालन के समय और लम्हेटाघाट जैसे स्थान बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इसके अलावा तिलवाराघाट, बरगी डैम, ग्वारीघाट, खंदारी, परियट, भदभदा, हिरण नदी और गौर नदी के आसपास भी खतरा बना रहता है। जरा सी लापरवाही से जा सकती है जान भी
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि नए साल में यह जरूर देखा गया है कि बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मौज-मस्ती के लिए पर्यटन स्थल आते हैं, और फिर सेल्फी सहित अन्य स्थानों से फोटो भी लेते हैं, पर जरा सी लापरवाही से जान भी जा सकती है। लिहाजा संबंधित थानों को निर्देश दिए है कि ऐसे स्थानों पर बिल्कुल ना जाए, जहां पर कि जान को खतरा हो सकता है। एएसपी ने कहा कि सभी पर्यटकों को सख्ती से हिदायत दी गई है, कि अगर खतरनाक स्थानों पर जाकर सेल्फी लेते नजर आते है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


