सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुबेद गांव में संचालित डीवीसी द्वारा संचालित कोल साइडिंग में मंगलवार की शाम लेवी को लेकर राहुल दुबे गैंग ने गोलीबारी कर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक में पोस्ट कर घटना की जिम्मेवारी ली है। पोस्ट के माध्यम से मां अंबे कंपनी के सुमित चटर्जी को धमकी दी गई है। उन्होंने धमकी देते हुए कहा है कि यह आखिरी चेतावनी है। अगर फिर भी नहीं मानते हो तो ऑफिस व घर में गोलीबारी की जाएगी। साइडिंग में स्टाफ को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। इधर, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी कोल साइडिंग के इंट्री गेट के पास पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने दो राउंड गोली चलाई, जिसके बाद वे मौके से लातेहार की ओर फरार हो गए। बताया जाता है कि चलाई गई गोलियों में से एक गोली इंट्री गेट की चारदीवारी में जा लगी, जिससे दीवार में छेद हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति की कोई हताहत नहीं हुई है। हालांकि अचानक हुई गोलीबारी से कोल साइडिंग में कार्यरत कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गोलीबारी की सूचना मिलते ही कोल साइडिंग कैंप में तैनात पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सदर थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। थाना प्रभारी ने बताया की गोली चली है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाइक सवार दो लोग आए थे और फायरिंग कर भाग निकले। अपराधियों के धर घपकड़ के लिए छापेमारी अभियान भी चलाई जा रही है।इनसाइड दो साल में दो फायरिंग की घटनाएं 29जून 2024 की रात्रि तुबेद कोल साइडिंग के कांटा घर में बाइक से दो-तीन अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाया था। इस फायरिंग में एक कर्मचारी को गोली लगी थी। 21 अगस्त 2023 तुबेद कोल साइडिंग के कांटा घर को अपराधियों ने आगजनी और गोलीबारी की थी।


