फुटबॉल चैंपियनशिप:हिमाचल में वाईएफसी अंडर-16 की टीम लगातार दूसरी बार बनीं विजेता

भास्कर न्यूज | जालंधर यूथ फुटबॉल क्लब (वाईएफसी) रुड़का कलां ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी वाईएफसी रुड़का कलां ने इसी टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ क्लब ने लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। हिमाचल प्रदेश के खड्ड में 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित इस फुटबॉल टूर्नामेंट में वाईएफसी रुड़का कलां ने पहले दिन संस्कार फुटबॉल अकादमी, ऊना को 4-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। इस मुकाबले में विशाल ने टीम के लिए स्कोरिंग की शुरुआत की। दूसरे दिन भी जीत का सिलसिला जारी रहा, जब वाईएफसी रुड़का कलां ने कड़े मुकाबले में बेल्को 11 को 1-0 से मात दी। इस जीत के साथ टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। 30 दिसंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में वाईएफसी रुड़का कलां ने फिट-15 को 3-0 से हराकर एक बार फिर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। क्लब के अध्यक्ष गुरमंगल दास सोनी ने इस शानदार उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *