भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रमुख रूप से रांची से जयपुर, अयोध्या, वाराणसी और नॉर्थ-ईस्ट के लिए उड़ान सेवा आरंभ करने पर बात हुई। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के लिए निर्देशित किया। घने कोहरे, बारिश और देर रात लो विजिबिलिटी में हवाई जहाजों के लैंडिंग के लिए केट-टू लाइटिंग सिस्टम पर भी चर्चा हुई। यह बताया गया कि इसे लगाने का काम 90% तक पूरा हो चुका है। जमीन के आवंटन के अभाव में शेष कार्य रुका हुआ है। बैठक में हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, चंद्रकांत रायपत, सूर्य प्रभात, ऋषभ पोद्दार, एयरपोर्ट निदेशक सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे। चार विमान रद्द : रांची से बुधवार को चार विमान रद्द रहे। इसमें इंडिगो की तीन और एयर इंडिया की एक विमान शामिल है। इंडिगो की दो कोलकाता रांची सेवा और एक दिल्ली रांची सेवा रद्द रही। वहीं एयर इंडिया का दिल्ली-रांची- दिल्ली सेवा भी रद्द रही। शाम को इंडिगो की दिल्ली-रांची विमान दो घंटे विलंब से रांची आया। यह विमान रात सात बजे रांची आया।


