राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के छह अधिकारियों को आईजी से एडीजी, डीआईजी से आईजी और पुलिस अधीक्षक या समकक्ष पद से डीआईजी के पद पर प्रोन्नति दी है। साथ ही उन्हें नए स्थानों पर पदस्थापित किया है। रांची के आईजी मनोज कौशिक को प्रोन्नति देते हुए एडीजी सीआईडी बनाया गया है। अजय लिंडा को डीआईजी होमगार्ड से प्रोन्नति देते हुए आईजी सीआईडी बनाया गया है। हाल में राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा संवर्ग में प्रोन्नति पाने वाले नवनियुक्त छह आईपीएस अफसरों की भी नए स्थानों पर पोस्टिंग की गई है। लंबे समय से पोस्टिंग की प्रतीक्षा में बैठे डीआईजी नौशाद आलम को विशेष शाखा में डीआईजी बनाया गया है। वैसे अधिकारी जिनके स्थान पर किसी अन्य का पदस्थापन हो गया है और उनका पदस्थापन कहीं नहीं किया गया है, वे पुलिस मुख्यालय में योगदान करेंगे।


