भास्कर न्यूज | अमृतसर सर्दी के प्रकोप और शीतलहर को देखते हुए नगर निगम अमृतसर ने शहर के बेघर व्यक्तियों के लिए निःशुल्क रैन बसेरों की व्यवस्था की है। नगर आयुक्त श्री बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के दिशा-निर्देशों पर आज सहायक आयुक्त विशाल वधावन और सचिव सुशांत भाटिया ने समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। नगर निगम द्वारा गोल बाग में स्थायी रूप से 125 बिस्तरों और गुरु नानक भवन में अस्थायी रूप से 15 बिस्तरों का प्रबंध किया गया है। इन आश्रय गृहों में कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए गर्म कंबल, हीटर, पीने का पानी, बिजली, स्वच्छता और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों और फील्ड स्टाफ को आदेश दिए हैं कि रात के समय शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर बेघर व्यक्तियों की पहचान की जाए और उन्हें सुरक्षित रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्थाओं की नियमित जांच की जाए ताकि किसी भी स्तर पर कोताही न हो। नगर निगम ने सामाजिक संस्थाओं और निवासियों से अपील की है कि यदि कोई बेघर दिखे, तो तुरंत एमसीए अधिकारियों को सूचित करें। निगम ने दोहराया कि सर्दी में किसी भी व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे सोने नहीं दिया जाएगा।


