भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला कचहरी परिसर स्थित तहसीलों में नकली चाचा खड़ा करके जाली रजिस्ट्रियां करवाए जाने के मामले में एक नया मौड़ आया है। इस मामले में फर्जीवाड़े का शिकार हुए जगदीश राज निवासी जज नगर सामने सैनिक मॉडल स्कूल गांव तुंगपाई ने एक हल्फिया बयान देकर कहा है कि उनकी जो भी रजिस्ट्रियां हुई है, उन्होंने खुद करवाई हैं। उनके साथ कोई फर्जीवाड़ा नहीं हुआ है। यह हल्फिया बयान उन्होंने अधिकारियों को भी दिया है। उक्त एफिडेविट देने के बाद कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं और वह खुद भी शक के घेरे में आ रहा है। हालांकि इससे पहले उक्त युवक ने खुद अधिकारियों को बयान कलमबद्ध करवाए थे कि जिस शख्स ने भी उनकी जगह की जाली रजिस्ट्रियां करवाई हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जानी है और जांच पूरी होने के बाद ही अगली कार्रवाई होगी। इस मामले में अब कोई कार्रवाई होगी या नहीं, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन उक्त सारे मामले में असली शख्स की ओर से उक्त एफिडेविट दिए जाने के बाद साफ है कि इस मामले में कहीं न कहीं अंदर खाते राजीनामा हो चुका है और अब अगली कोई कार्रवाई न हो, इसलिए अधिकारी को एफिडेविट जमा करवा दिया गया है। जगदीश राज की ओर से दिए गए हल्फिया बयान में कहा गया है कि उसकी मालिकी की जायदाद शहर के अलग-अलग सर्कलों में है। उसने अपनी जायदाद रकबा गौंसाबाद वा काला घन्नूपुर की रजिस्ट्री अपने सगे भतीजे मुकेश धवन और जायदाद काला घन्नूपुर सब अर्बन जो राजेश कुमार के नाम पर अलग-अलग तारीखों को अलग-अलग दस्तावेजों द्वारा अपने होश हवास में की है। उक्त जायदादों की जो रजिस्ट्रियां उसने की है, उनकी एसडीएम-2 के पास जांच चल रही है, जिस पर आगे मैं कोई भी किसी तरह की कानूनी या गैर कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता। यह कि मेरा कोई भी वारिस उक्त रजिस्ट्री बाबत कोई कानूनी कार्रवाई करता है तो हर तरह से झूठा साबित होगा। उसने हल्फिया बयान में यह भी कहा कि उसने एडवोकेट मंगत राम सिल्ली को कोई भी मुख्तारनामा किसी भी केस के लिए या किसी भी जांच पड़ताल के नहीं दिया है और इसके अलावा मेरा हर बयान झूठा समझा जाए। 30 दिसंबर 2025 को उसका यह दिया गया बयान आखिरी है, जो कि बिल्कुल ठीक है। बता दें कि यह मामला नवंबर महीने में सामने आया था जब जगदीश कुमार (66) की तबीयत सीरियस होने पर वेंटिलेटर पर चला गया तो उसके भतीजे ने फर्जी चाचा खड़ा करके प्लॉटों की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।


