भास्कर न्यूज | अमृतसर बी-डिवीजन थाना के इलाके में आपसी रंजिश के चलते हथियारबंद युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान चार राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली युवक की टांग में लग गई। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित दिलप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी नानकसर जिला तरनतारन ने बताया कि वह सरकारी कॉलेज कद्द गिल, तरनतारन से आईटीआई का कोर्स कर रहा है। उसकी मां श्री दरबार साहिब में नौकरी करती हैं, जिसके चलते परिवार को रामसर रोड स्थित दरबार साहिब क्वार्टर में रहने के लिए आवास मिला हुआ है। पीड़ित ने बताया कि 29 दिसंबर की रात करीब 8.45 बजे उसके दोस्त शैरी ने फोन कर सूचना दी कि हरदीप सिंह उर्फ हैरी के साथ न्यू शहीद उधम सिंह नगर स्थित दो नंबर ग्राउंड के पास अमन, अनमोलदीप सिंह, मंगा और उनके साथियों ने मारपीट की है। इस पर वह अपने दोस्त मोहित के साथ मौके पर पहुंचा, जहां हैरी ने बताया कि आरोपियों ने उस पर बेसबॉल बैट से हमला किया था। इसी दौरान तकरीबन 15 युवक बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे। उनके पास दातर, कृपाण और पिस्तौल जैसे हथियार थे। आते ही एक युवक ने पिस्तौल से चार फायर किए, जिनमें से एक गोली उसकी दाहिनी टांग में लगी। हमलावर जान से मारने की नीयत से आगे बढ़े तो मोहित ने घायल को बाइक पर बैठाया और दोनों वहां से भागकर जान बचाने में सफल रहे।


