अमृतसर| गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से दो दिवसीय उच्चस्तरीय संगोष्ठी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कृषि अनुसंधान एवं नवाचार केंद्र और रूसा 2.0 के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जैव ईंधन, बायोमीथेन और ई-फ्यूल्स जैसे कम-कार्बन समाधानों पर गहन मंथन किया गया। संगोष्ठी का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. हरविंदर एस. सैनी और विशिष्ट अतिथि राजेश के. सानी (अमेरिका) ने किया। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रताप कुमार पति की अध्यक्षता और डॉ. मीनू हंस के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्राजील, अमेरिका और भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने शिरकत की। विशेषज्ञों ने ऊर्जा नवाचार और अगली पीढ़ी के शोधकर्ताओं की भूमिका पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रस्तुति में प्रगति भारद्वाज, हिमकर आनंद और प्रभलीन कौर सहित अन्य विजेता रहे। मौखिक प्रस्तुति में शांभवी झा, सुमन सल्होत्रा और डॉ. मधुका रॉय को सम्मानित किया गया।


