पर्यटन और वन्यजीव प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। जिले की प्रसिद्ध भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य में जल्द ही जंगल सफारी की शुरुआत होने जा रही है। सैलानी जिप्सी पर बैठकर 36 किलोमीटर लंबे सर्किल रूट में घने जंगल, पहाड़ और नदी के बीच वाइल्ड लाइफ का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे। सफारी की एंट्री करियाआमा से होगी। भोरमदेव अभयारण्य की अधीक्षक अनिता साहू ने बताया कि पहले चरण में जंगल सफारी एक ही रूट पर शुरू की जाएगी। सफारी की शुरुआत करियाआमा एंट्री प्वाइंट से की जाएगी। करियाआमा से सरकी कछार, टेडगासाले और बकोदा होते हुए दुरदुरी तक जाएगा। सफर में सैलानियों को पहाड़ी इलाका, घना जंगल देखने को मिलेंगे। जनवरी 2026 में ही इस रुट पर रास्तों की मरम्मत कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार करियाआमा सफारी रूट में रिवर साइट पर विशेष रिफ्रेशमेंट प्वाइंट विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटक कुछ देर ठहर कर प्रकृति के नजारे ले सकेंगे। मौके पर अस्थायी वॉशरूम और जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि परिवार और पर्यटक जंगल का लुत्फ उठा सकें। जंगल सफारी के लिए फिलहाल 3 जिप्सी वाहन खरीदे जा रहे हैं। इन वाहनों को वाइल्ड लाइफ सफारी के अनुरूप विशेष रूप से मॉडिफाइड किया जाएगा। शुरुआत इन्हीं तीन जिप्सियों से होगी। जैसे-जैसे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, पीपीपी (पब्लिक- प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत और गाड़ियां जोड़ी जाएंगी।


