भास्कर न्यूज | जांजगीर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश का आठवां प्रांतीय अधिवेशन राजधानी रायपुर में हुआ। इस अवसर पर प्रदेश भर की सभी शाखाओं की सक्रिय सहभागिता रही। अधिवेशन में नैला जांजगीर शाखा के उत्कृष्ट और सतत सामाजिक कार्यों को देखते हुए उसे सर्वश्रेष्ठ प्रथम युवा शाखा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर शाखा अध्यक्ष ममता अग्रवाल ने इसे पूरी कार्यकारिणी और शाखा की सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी सदस्यों के सहयोग, समर्पण और निरंतर मेहनत से संभव हो पाई है। ममता अग्रवाल ने कहा कि अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति के मार्गदर्शन में नैला जांजगीर शाखा आगे भी सामाजिक, धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।


