युवक का शव पेड़ से लटका मिला, आर्थिक तंगी से था परेशान

भास्कर संवाददाता | दमोह देहात थाना अंतर्गत सागर नाका चौकी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का शव ओवरब्रिज और रेलवे लाइन के पास लगे पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान गोविंद पटेल (36) पिता परमलाल पटेल निवासी इमलाई मोहार हार, बंजारी माता के पास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन ने बताया कि गोविंद पिछले चार-पांच दिनों से बेहद परेशान था। बुधवार सुबह करीब 5 बजे वह अपनी मां से यह कहकर घर से निकला कि वह घूमने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद परिजनों को पुलिस से सूचना मिली कि उसका शव पेड़ से लटका मिला है। मृतक दो बहनों में इकलौता भाई था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, 6 साल की बेटी और 4 साल का बेटा। परिजनों के अनुसार उसकी पत्नी कुछ दिन पहले पारिवारिक विवाद के चलते अपने जीजा के घर चली गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से और अधिक तनाव में था। 2 माह पहले फाइनेंस कंपनी से लिया था 60 हजार का कर्ज :मृतक के बड़े पापा के बेटे गया प्रसाद पटेल और पड़ोसी धीरेंद्र आठ्या ने बताया कि गोविंद की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। करीब दो माह पहले उसने एक फाइनेंस कंपनी से 60 हजार रुपए का कर्ज लिया था, लेकिन किस्त नहीं चुका पाने के कारण फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी आए दिन घर आकर दबाव बना रहे थे। इसी कारण वह लगातार तनाव में रहने लगा था। सागर नाका चौकी पुलिस ने बताया शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *