अमृतसर| हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने बाबा अमरीक सिंह कार सेवा वालों से मुलाकात की। उन्होंने बाबा अमरीक सिंह की अगुवाई में निर्मित किए जा रहे श्री गुरु अमरदास जी के विरासती घर, गुरु के महल, बसरके गिलां में चल रहे कार सेवा के कामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि तीसरे गुरु श्री गुरु अमरदास साहिब जी के इस पवित्र स्थान की 546 साल बाद कारसेवा की जा रही है। इसे पुरात्न ऐतिहासिक दिख देना गर्व की बात है। झींडा ने कहा कि श्री गुरु अमरदास साहिब जी सिख धर्म के एक महान सुधारक थे, जिन्होंने लंगर प्रणाली और सामाजिक बराबरी जैसी महान परंपराओं को मजबूती से स्थापित किया। उनका जन्मस्थान और विरासती घर सिख समुदाय के लिए बहुत पवित्र और आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने कहा कि गुरु के महल बसरके गिलां में चल रही कार सेवा को पुरानी विरासत को संभालते हुए उसी रूप में बनाया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक कीमती विरासत साबित होगी। उन्होंने देश-विदेश की संगत से अपील की कि वे इस पवित्र सेवा में ज्यादा से ज्यादा सहयोग प्रदान करें तथा गुरु साहिब जी के इस स्थान के दर्शन करके अपना जीवन सफल बनाएं।


