भास्कर न्यूज | जशपुरनगर 18 जून को पंडरापाठ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम देवडांड के लमडांड जंगल के पास सड़क किनारे एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा था कि वाहन में गौवंशों को पैरों में रस्सी बांधकर अत्यंत अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा वाहन से 9 नग गौवंशों को बरामद किया गया था। जिनमें से एक गौवंश की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। शेष 8 गौवंशों को पशु चिकित्सक के माध्यम से उपचार कराया गया था। हालांकि इलाज के दौरान 4 अन्य गौवंशों की भी मृत्यु हो गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने जब्त वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक संदिग्ध आरोपी मोहम्मद फिरोज खान की पहचान की थी, जो घटना के िदन से फरार था। पुलिस द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर सूचना एवं पुलिस की तकनीकी टीम की मदद से आरोपी के गुमला (झारखंड) में होने की जानकारी मिली। विशेष पुलिस टीम गठित कर झारखंड भेजी गई। पुलिस टीम ने आजाद बस्ती, गुमला में आरोपी के घर की घेराबंदी कर मोहम्मद फिरोज खान को हिरासत में लेकर जशपुर लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया।


