भास्कर न्यूज | मुंगेली पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में मुंगेली विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर में संपन्न हुआ। मुख्य वक्ता मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा, मुझे अटल के साथ काम करने का सौभाग्य मिला। वे अपने नाम के अनुरूप ही बातों के अटल थे। रेलवे जोन बिलासपुर की मांग मैंने उनके समक्ष रखी थी, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। आज छत्तीसगढ़ राज्य का अस्तित्व उनके संकल्प का ही परिणाम है। संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि पीएम मोदी आज जिस विकसित भारत की बात कर रहे हैं, उसकी नींव अटल जी ने ही रखी थी। उन्होंने जनता की समस्याओं को अपनी राजनीति के केंद्र में रखा। पूर्व सांसद लखन लाल साहू ने अटल को अजातशत्रु बताते हुए कहा कि वे ऐसे नेता थे जिनका कोई शत्रु नहीं था। उन्होंने नरसिम्हा राव सरकार के समय विदेश में भारत का नेतृत्व करने वाले ऐतिहासिक प्रसंग का भी उल्लेख किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को ग्रामीण विकास की जीवनरेखा बताया। जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने कहा कि अटल ने एक वोट कम होने पर सरकार गिर जाने दी, लेकिन उच्च आचरण से समझौता नहीं किया। सम्मेलन की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई। पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेष पाठक ने भी अटल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। संचालन जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव ने और आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष सोम वैष्णव ने किया। इस अवसर पर कैलाश शर्मा, जयप्रकाश मिश्रा, रजनी मानिक सोनवानी, उमाशंकर साहू, पुष्पलता पद्मिनी, चित्रलेखा जांगड़े, नरेश पटेल, पंकज सिंह, प्रेम आर्य, द्वारिका जायसवाल, लोकनाथ सिंह, वीनू पांडेय, बिसाहू राम पटेल आदि मौजूद रहे।


