अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन चार घंटे तक चला, जिसमें छात्रों की समस्याओं और प्रशासन की लापरवाहियों को लेकर सख्त मांगें उठाई गईं। अभाविप ने पहले भी विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण में हुई अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए पांच दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन, प्रशासन की ओर से अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। परिषद ने सोमवार तक दोषियों पर कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। सख्त कानून बनाने की मांग ज्ञापन में बताया कि कुछ कर्मचारी छात्रों से अवैध रूप से पैसे मांगते हैं। उनसे दुर्व्यवहार करते हैं। पीएचडी प्रवेश परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली रोकने के लिए सख्त प्रावधान लागू किया जाना चाहिए। अगर विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जारी रहा, तो अभाविप इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। एबीवीपी महानगर मंत्री शिवम् जाट ने कहा- प्लेसमेंट सेल द्वारा एक प्रतिष्ठित कंपनी के रिक्रूटमेंट के नाम पर छात्रों को भोपाल बुलाकर निजी कॉलेज में परीक्षा आयोजित कराई गई। बिना औपचारिक सूचना के इस आयोजन से छात्रों को असुविधा हुई। यह निजी कॉलेज को अनुचित लाभ पहुंचाने का षड्यंत्र है। इस प्रक्रिया में शामिल निदेशिका पर कार्रवाई होनी चाहिए।


